हिंदी दिवस के अवसर पर आचार्य विष्णुकांत शास्त्री स्मृति सम्मान का आयोजन

हिंदी दिवस के अवसर पर आचार्य विष्णुकांत शास्त्री स्मृति सम्मान का आयोजन
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : हिंदी दिवस के अवसर पर माननीय राज्य मंत्री उमेश राय जी के संयोजन में हावड़ा नवज्योति द्वारा आयोजित “आचार्य विष्णुकांत शास्त्री स्मृति सम्मान–2026” समारोह का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं गणेश वंदना के साथ हुआ।

समारोह में उत्तर हावड़ा के लगभग 25 विद्यालयों के कक्षा 10वीं एवं 12वीं के हिंदी विषय में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले 145 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया। विद्यार्थियों को हिंदी का ज्ञान एवं संस्कार देने वाले हिंदी शिक्षकों को भी उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

इसी अवसर पर संस्था की ओर से “सत्यनारायण माधव मिश्रा विद्यालय” के प्रधानाध्यापक को विद्यार्थियों के तकनीकी ज्ञान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सहयोगस्वरूप एक कंप्यूटर प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में माननीय राज्य मंत्री श्री उमेश राय जी, रेलवे के सीएमडी श्री यतीश कुमार जी, श्री ऋषिकेश राय जी, संस्था के अध्यक्ष डॉ. सिपाही सिंह सहित राजभाषा एवं हिंदी से जुड़े अधिकारी, शिक्षाविद् तथा अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान आचार्य विष्णुकांत शास्त्री जी के जीवन, व्यक्तित्व एवं हिंदी भाषा-साहित्य से संबंधित विशेष डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया गया। डॉक्यूमेंट्री ने विद्यार्थियों एवं उपस्थित अतिथियों को हिंदी भाषा, साहित्य और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति गहराई से प्रेरित किया।

अपने संबोधन में उमेश राय जी ने सरकारी विद्यालयों में हिंदी एवं बांग्ला दोनों भाषाओं के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विद्यार्थियों को अपनी मातृभाषा के साथ-साथ हिंदी जैसी व्यापक संपर्क भाषा के ज्ञान से भी समृद्ध होना चाहिए। वहीं श्री यतीश कुमार जी ने हिंदी, भारतीय संस्कृति एवं हमारी परंपराओं के बीच के गहरे संबंधों पर अपने विचार व्यक्त किए।

समारोह का प्रभावी संचालन अदिति दूबे एवं तान्या चतुर्वेदी ने किया। कार्यक्रम में सहयोग की भावना का उल्लेखनीय उदाहरण प्रस्तुत करते हुए जोगेश अग्रवाल ने अपने पिता स्वर्गीय श्रवण अग्रवाल की स्मृति में तथा योगेश राय ने अपने दादा स्वर्गीय भगवान प्रसाद राय की स्मृति में विद्यार्थियों के लिए उपहार सहयोग प्रदान किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में अरविंद मिश्रा, राजू रंजन पांडे, प्रभात मिश्रा, संजीत सिंह, मनीष, पवन, अनिल, सुभाष, रितेश, सुधांशु, सरिता, भावना, अदिति, मीनू प्रसाद, सोनम सहित अनेक सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

आचार्य विष्णुकांत शास्त्री जी की स्मृति में आयोजित यह समारोह केवल सम्मान का कार्यक्रम नहीं, बल्कि हिंदी भाषा, साहित्य एवं भारतीय संस्कृति के प्रति नई पीढ़ी में गौरव और संवेदना जगाने का एक सार्थक प्रयास रहा। मेधावी विद्यार्थियों तथा हिंदी शिक्षकों का सम्मान इस आयोजन का विशेष आकर्षण रहा। हावड़ा नवज्योति का यह प्रयास शिक्षा, भाषा और संस्कार को समाजसेवा से जोड़ने की दिशा में एक उल्लेखनीय पहल के रूप में सामने आया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in