

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : जेआईएस यूनिवर्सिटी के डिपार्टमेंट ऑफ फार्मास्यूटिकल टेक्नोलॉजी ने मलेशिया की यूनिवर्सिटी टेक्नोलॉजी मारा (UiTM) के सहयोग से तीसरे अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन JISUCONPH 2026 का सफल आयोजन किया।
मेटाबॉलिक विकारों के प्रबंधन में प्राकृतिक उत्पादों और आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों के एकीकरण विषय पर आयोजित इस दो दिवसीय सम्मेलन में देश-विदेश के प्रख्यात शिक्षाविदों, वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं और फार्मास्युटिकल विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया। सम्मेलन में मधुमेह, लिवर संबंधी बीमारियों और अन्य मेटाबॉलिक विकारों के उपचार में नवीन वैज्ञानिक अनुसंधानों और तकनीकी प्रगति पर चर्चा की गई।
सम्मेलन का उद्घाटन पश्चिम बंगाल सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा जैव प्रौद्योगिकी और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग एवं बागवानी विभाग के मंत्री डॉ. कल्याण चक्रवर्ती ने किया। इस अवसर पर जेआईएस ग्रुप के निदेशक सरदार सिमरप्रीत सिंह, जेआईएस यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. (डॉ.) पार्थ सरकार, प्रो-चांसलर डॉ. नीरज सक्सेना तथा फार्मास्यूटिकल टेक्नोलॉजी विभाग के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. पिंटू कुमार डे उपस्थित रहे।
सम्मेलन में श्रीलंका के यूनिवर्सिटी ऑफ पेराडेनिया के वरिष्ठ प्रोफेसर प्रो. वेरांजा करुणारत्ने, ताइवान के काऊशुंग मेडिकल यूनिवर्सिटी के प्रो. डॉ. वेई-यू लिन और मलेशिया के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ के डॉ. वान किम सुई सहित कई अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों ने व्याख्यान दिए।
भारतीय विशेषज्ञों में सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ पंजाब के प्रो. डॉ. राज कुमार, आयुष मंत्रालय के अंतर्गत केंद्रीय आयुर्वेदिक विज्ञान अनुसंधान परिषद के डॉ. संजया कुमार वाई. आर., आईआईटी (बीएचयू) के डॉ. सुदीप मुखर्जी तथा कोलकाता के जेसीएम सेंटर फॉर लिवर रिसर्च एंड इनोवेशन के प्रो. डॉ. पार्थ चक्रवर्ती ने अपने विचार रखे।
तकनीकी सत्रों में औषधियों की प्रभावी डिलीवरी के लिए पॉलिमरिक नैनोसिस्टम, ग्रीन केमिस्ट्री, प्राकृतिक उत्पादों से नई औषधियों के विकास तथा मलेशिया में बढ़ती मेटाबॉलिक बीमारियों जैसे विषयों पर चर्चा हुई। इसके अलावा पोस्टर और मौखिक प्रस्तुति सत्रों में मधुमेह के उपचार में आयुर्वेदिक फॉर्मूलेशन, एंटीकोआगुलेंट अनुसंधान और मेटाबॉलिक डिसफंक्शन-एसोसिएटेड स्टीएटोटिक लिवर डिजीज (MASLD) के उपचार से जुड़े शोध प्रस्तुत किए गए।
विभिन्न तकनीकी सत्रों की अध्यक्षता जादवपुर विश्वविद्यालय के प्रो. बिस्वजीत मुखर्जी, प्रो. सनमॉय करमाकर, चितकारा विश्वविद्यालय के प्रो. इंदरबीर सिंह, बोस इंस्टीट्यूट के डॉ. उत्पल नंदी सहित कई प्रतिष्ठित शिक्षाविदों ने की।
इस अवसर पर सरदार सिमरप्रीत सिंह ने कहा कि JISUCONPH 2026 शोध, नवाचार और अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग को बढ़ावा देने के प्रति जेआईएस ग्रुप की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। ऐसे सम्मेलन ज्ञान और वैज्ञानिक विचारों के आदान-प्रदान के साथ युवा शोधकर्ताओं को स्वास्थ्य क्षेत्र में नए योगदान के लिए प्रेरित करते हैं।