

कोलकाता : मानव सेवा और आध्यात्मिक चेतना को समर्पित समर्पण ट्रस्ट एवं आविर्भाव संकल्प के संयुक्त तत्वावधान में मोचीबाजार स्थित गुप्ता रेसिडेंसी में निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर, सामूहिक सुंदरकांड पाठ और भजन संध्या का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम के माध्यम से जनकल्याण, सामाजिक दायित्व और धार्मिक आस्था के समन्वय का संदेश दिया गया। आयोजन के प्रथम चरण में सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर लगाया गया।
एम. पी. बिड़ला आई क्लिनिक के विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को नेत्र जांच की सुविधा उपलब्ध कराना तथा आंखों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। शिविर के माध्यम से आयोजकों ने स्वास्थ्य सेवा को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने का प्रयास किया।
इसके बाद अपराह्न 3 बजे से सामूहिक सुंदरकांड पाठ एवं भजन संध्या का आयोजन हुआ। भक्तिमय वातावरण में श्रद्धालुओं ने सुंदरकांड का पाठ किया और भजनों के माध्यम से प्रभु श्रीराम की महिमा का गुणगान किया। सायं 7 बजे भोग वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
इस अवसर पर भाभा एटॉमिक रिसर्च सेंटर के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. हेमेन्द्र पाण्डेय विशिष्ट अतिथि के रूप में सपरिवार उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सेवा और साधना के संगम ने उपस्थित लोगों को सामाजिक कल्याण के साथ आध्यात्मिक मूल्यों के महत्व का संदेश दिया।
आयोजन को सफल बनाने में विजय कुमार उपाध्याय, सुनील जोधानी, संतोष फोगला, प्रकाश मिश्रा, राधेश्याम गुप्ता, राकेश गुप्ता, राजकुमार ओझा, आयुष उपाध्याय, लक्ष्मी तिवारी, सोमनन्दन चौबे, मुकुल साव, मनीष शुक्ला, सुरेंद्र पाठक, राजनारायण जायसवाल,
विवेक तिवारी, जगदीश प्रसाद गुप्ता, अनुष्का उपाध्याय, श्रेया सिंह, आस्था साव, श्रुति सिंह, रुचिरा अग्रवाल, बिकेश गुप्ता और गोविंदा महतो की सराहनीय भूमिका रही। इस संयुक्त पहल ने मानव सेवा, धार्मिक सद्भाव और सामाजिक सहभागिता के महत्व को रेखांकित करते हुए समाजहित में ऐसे आयोजनों की उपयोगिता को सामने रखा।