

कोलकाता : कोलकाता मेट्रो की ऑरेंज लाइन (न्यू गरिया–एयरपोर्ट कॉरिडोर) के विस्तार को लेकर यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। मेट्रो रेलवे के महाप्रबंधक (जीएम) ने कहा है कि ऑरेंज लाइन का परिचालन 31 दिसंबर 2026 तक सेक्टर-5 स्टेशन तक शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।
इसके लिए निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है और संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय कर समय सीमा के भीतर परियोजना पूरी करने का प्रयास किया जा रहा है।
वर्तमान में ऑरेंज लाइन का एक हिस्सा यात्रियों के लिए चालू है, जबकि शेष खंडों पर ट्रैक बिछाने, सिग्नलिंग, विद्युतीकरण और स्टेशन संबंधी कार्य अंतिम चरण में हैं। सेक्टर-5 तक सेवा शुरू होने से साल्टलेक, न्यू टाउन और पूर्वी कोलकाता के हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। इससे आईटी हब सेक्टर-5 तक पहुंचना अधिक आसान और तेज हो जाएगा।
मेट्रो अधिकारियों के अनुसार, निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी तकनीकी परीक्षण और सुरक्षा संबंधी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त की जाएंगी। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से यात्री सेवाएं शुरू की जाएंगी।
ऑरेंज लाइन के पूर्ण होने पर न्यू गरिया, रुबी, ईएम बाइपास, साल्टलेक और एयरपोर्ट के बीच बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित होगी। इससे सड़क यातायात का दबाव कम होने के साथ-साथ यात्रा का समय भी घटेगा।
मेट्रो रेलवे का कहना है कि परियोजना को तय समय पर पूरा करना उसकी प्राथमिकता है और यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित तथा सुविधाजनक परिवहन उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम किया जा रहा है।