

कोलकाता : श्यामबाजार स्थित जेबी रॉय स्टेट आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में पिछले सात महीने से ऑपरेशन पूरी तरह बंद हैं। अस्पताल में ऑपरेशन थिएटर और आयुर्वेदिक सर्जन उपलब्ध होने के बावजूद स्थायी एनेस्थीसिया विशेषज्ञ नहीं होने के कारण मरीजों की सर्जरी नहीं हो पा रही है।
इससे पश्चिम बंगाल के अलावा दूसरे राज्यों से इलाज के लिए आने वाले मरीजों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थायी एनेस्थीसिया डॉक्टर का पद लंबे समय से खाली
अस्पताल में पिछले दो से तीन वर्षों से स्थायी एनेस्थीसिया डॉक्टर की कमी बनी हुई है। पहले अस्थायी तौर पर डॉक्टरों की मदद से कुछ सर्जरी कराई जाती थी, लेकिन कुछ डॉक्टरों के तबादले और कुछ के सेवानिवृत्त होने के बाद व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। अब ऑपरेशन थिएटर होने के बावजूद सर्जिकल सेवाएं ठप हैं।
खार सूत्र उपचार बंद होने से मरीज परेशान
जेबी रॉय अस्पताल राज्य का एकमात्र सरकारी अस्पताल बताया जाता है, जहां खार सूत्र के जरिए बवासीर, भगंदर और गुदा संबंधी समस्याओं का इलाज किया जाता है। कम खर्च में होने वाले इस उपचार के लिए दूर-दराज के इलाकों और दूसरे राज्यों से भी मरीज यहां पहुंचते हैं। सर्जरी बंद होने के कारण कई मरीजों को नई तारीख का इंतजार करना पड़ रहा है।
छात्रों की प्रैक्टिकल ट्रेनिंग भी प्रभावित
सर्जरी बंद होने का असर आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज के छात्रों की पढ़ाई पर भी पड़ा है। उन्हें नियमित रूप से ऑपरेशन और सर्जिकल प्रक्रियाओं का व्यावहारिक अनुभव नहीं मिल पा रहा है। अस्पताल की प्रिंसिपल सुप्रिया चौधरी ने कहा कि समस्या के स्थायी समाधान की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और इसे जल्द सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि, सर्जरी कब शुरू होगी, इसकी निश्चित तारीख अभी सामने नहीं आई है।