

कोलकाता : रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। तालतल्ला थाने की पुलिस की जांच में सामने आया कि बर्दवान में फर्जी ट्रेनिंग कराई जा रही थी। इस मामले में राजू दास को बर्दवान के खंडघोष से गिरफ्तार किया गया। शुक्रवार को आरोपित को बैंकशाल अदालत में पेश किया गया। सरकारी वकील ने अदालत को बताया कि 2024 के मध्य में शिकायतकर्ता के दो बेटों को ईस्टर्न रेलवे में ग्रुप-सी पद पर नौकरी दिलाने का लालच देकर करीब 5 लाख रुपये ठगे गये थे। बाद में उन्हें नौकरी के नाम पर फर्जी दस्तावेज भी दिये गये। आरोप है कि दोनों नौकरी के इच्छुक युवकों को बर्दवान में रेलवे की नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जी ट्रेनिंग कराई गई। यह पूरी साजिश सुनियोजित तरीके से रची गई थी। पुलिस ने अदालत से आरोपित की पुलिस हिरासत की मांग की, जिसे स्वीकार करते हुए अदालत ने राजू दास को 17 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया। इस मामले में पुलिस पहले ही सुनील कुमार सिंह और प्रसेनजीत दे को गिरफ्तार कर चुकी है। उनसे पूछताछ में ही राजू दास का नाम सामने आया। इसी आधार पर पुलिस ने अभियुक्त को पकड़ लिया गया।