

कोलकाता : इंटाली में तापस नस्कर नामक युवक की हत्या मामले में कोलकाता पुलिस की डीडी की टीम ने एक और आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त का नाम भोलो कर उर्फ ‘बक भोला’ है। उसे शनिवार देर रात करीब 2 बजे हासनाबाद थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। गौरतलब है कि इससे पहले इस मामले के मुख्य आरोपी दीपक दास उर्फ ‘नाटू’ को नवद्वीप से गिरफ्तार किया गया था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, 5 मई की रात एंटाली इलाके में प्रमोटर तापस नस्कर की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि बदमाशों ने पहले तापस को फोन कर घर से बाहर बुलाया। इसके बाद वह तुरंत घर से निकल गए, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, मगर कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार तड़के इलाके की एक निर्माणाधीन इमारत के सामने सड़क किनारे पड़े एक बोरे से तापस का शव बरामद किया गया। बोरे से पैर बाहर निकला होने के कारण शव की पहचान हो सकी। आरोप है कि अपराधियों ने पहले तापस के पैर में गोली मारी, फिर हाथ-पैर बांधकर धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या कर दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान की और लगातार गिरफ्तारी अभियान शुरू किया। पुलिस का कहना है कि यह हत्या दो गिरोहों के बीच आपसी रंजिश के कारण हुई। तापस नस्कर इलाके में प्रमोटिंग का काम करते थे। साथ ही उस पर कई अवैध गतिविधियों में शामिल होने के आरोप भी थे। इंटाली थाने में उसके खिलाफ पहले से 11 मामले दर्ज थे, जिनमें हत्या के प्रयास, रंगदारी और अपहरण जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं।