

कोलकाता : बेनियापुकुर फायरिंग मामले में पुलिस ने मुख्य अभियुक्त सलमान के करीबी सहयोगी अमित दे उर्फ सूरज को भी गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया है कि आरोपितों ने युवक मोहम्मद नियाज के बाएं हाथ की हथेली में गोली मारकर उसे स्थायी रूप से दिव्यांग करने की साजिश रची थी। हालांकि घटना के दौरान हाथ की जगह नियाज के दाहिने पैर में दो गोलियां लगीं। घायल नियाज का इलाज जारी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सलमान पहले से एक पैर गंवा चुका है, जो कथित रूप से बम विस्फोट में उड़ गया था। ऐसे में उसे ‘सहायता’ देने के लिए उसका करीबी मित्र सूरज भी हथियार लेकर मौके पर पहुंचा था। दोनों ने नियाज पर गोली चलाई। बताया जा रहा है कि तिलजला रोड स्थित एक दुकान से कोल्ड ड्रिंक की बोतल चोरी होने के बाद विवाद शुरू हुआ। दुकान की वृद्धा मालकिन ने समझौते के लिए पास के इलाके से सूरज को बुलाया था, जो खुद को स्थानीय राजनीतिक नेता बताता है। इसी मुद्दे को लेकर नियाज और सलमान के पिता के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते देर रात सलमान और सूरज ने नियाज को बुलाया और उस पर फायरिंग कर दी। घटना के एक दिन के अंदर पुलिस ने सलमान और उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद सूरज फरार हो गया था, जिसे शनिवार रात बेनियापुकुर थाना पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपितों से पूछताछ कर मामले की गहराई से जांच की जा रही है और अन्य संभावित पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।