बस की चपेट में आने से खलासी की मौत

सफाई के दौरान हुआ हादसा
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

विधाननगर : विधाननगर पूर्व थाना क्षेत्र के करुणामयी बस स्टैंड पर गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 42 वर्षीय खलासी लाल्टू दास की मौत हो गई। लाल्टू दास मध्यमग्राम इलाके के निवासी थे और रोजाना बसों की सफाई का काम करते थे।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार को लाल्टू दास बस के अंदर और नीचे सफाई कर रहे थे। अचानक बस का हाइड्रोलिक सिस्टम डाउन हो गया और बस जमीन पर उतर गई। इसी दौरान वह बस के नीचे दब गए। उन्हें तुरंत मदद मिल पाई और घटना स्थल पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के समय बस का चालक बस में मौजूद था।

विधाननगर पूर्व थाना पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर बस और चालक को हिरासत में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हादसा यांत्रिक खराबी के कारण हुआ या किसी और वजह से।

स्थानीय लोग बताते हैं कि लाल्टू दास बहुत मेहनती और ईमानदार खलासी थे। वह रोज बस स्टैंड पर सफाई का काम करते थे और उनके अचानक निधन से आसपास के लोग स्तब्ध हैं। इस घटना से बस स्टैंड पर काम करने वाले अन्य कर्मचारियों में भी डर और चिंता फैल गई है।

पुलिस अधिकारियों ने सभी सुरक्षा मानकों और हाइड्रोलिक सिस्टम की स्थिति की जांच शुरू कर दी है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in