

कोलकाता : तालतला थाना इलाके में रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर 5 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी का नाम सुनील कुमार सिंह है। पुलिस ने उसे मानिकतला इलाके से हिरासत में लिया। गुरुवार को आरोपी को बैंकशाल अदालत में पेश किया गया।
शिकायत पिछले वर्ष जून में तालतला थाने में दर्ज कराई गई थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि सुनील कुमार सिंह ने उनके दो बेटों को पूर्व रेलवे में ग्रुप-सी पद पर नौकरी दिलाने का झांसा दिया और इसके लिए कुल 5 लाख रुपये ठग लिए। सरकारी वकील ने अदालत को बताया कि इसमें से 3.50 लाख रुपये ऑनलाइन माध्यम से और शेष 1.50 लाख रुपये नकद लिए गए थे।
पुलिस ने आरोपित के पास से जाली दस्तावेज भी बरामद किए हैं। अधिकारी इस मामले में पूरे गिरोह का पता लगाने के लिए आरोपी से पूछताछ कर रहे हैं। अदालत ने आरोपी को 6 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया है।
तालतला थाना पुलिस का कहना है कि रेलवे जैसी सरकारी नौकरी के नाम पर ठगी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने कितनों को ठगी का शिकार बनाया और क्या इस मामले में अन्य लोग भी शामिल थे।
स्थानीय लोगों ने इस गिरफ्तारी को बड़ी सफलता करार दिया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी नौकरी के नाम पर पैसे देने से पहले पूरी जानकारी और सरकारी प्रमाण-पत्र की जांच करें, ताकि इस तरह के धोखाधड़ी से बचा जा सके।