

कोलकाता: फर्जी दस्तावेज और नकली खरीदार बनकर एक सरकारी बैंक से 1.20 करोड़ रुपये से अधिक का लोन ऐंठने के मामले में कोलकाता पुलिस के एंटी बैंक फ्रॉड सेक्शन ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान चिन्मय मलिक के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने कल्याणी से दबोचा। गुरुवार को पुलिस ने आरोपी को अलीपुर एसीजेएम अदालत में पेश किया।
कोर्ट में सुनवाई के दौरान सरकारी वकील ने बताया कि आरोपी ने फर्जी खरीदार बनकर और फर्जी दस्तावेज जमा कर भवानीपुर इलाके स्थित एक सरकारी बैंक से 1 करोड़ 20 लाख रुपये का लोन लिया और धोखाधड़ी की। मामले की तह तक पहुंचने और अन्य कड़ियों को जोड़ने के लिए पुलिस ने आरोपी की हिरासत की मांग की, जिसके बाद अदालत ने चिन्मय मलिक को 21 सितंबर तक पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया।
गौरतलब है कि बैंक से करोड़ों रुपये के इस गबन के मामले में कोलकाता पुलिस की विशेष टीम पहले ही दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। चिन्मय इस गिरोह का तीसरा बड़ा आरोपी है जिससे पूछताछ जारी है।