डिजिटल अरेस्ट की धमकी देकर 4 लाख वसूले, राजस्थान से एक गिरफ्तार

नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो का अधिकारी बनकर की थी ठगी
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

कोलकाता : नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो का अधिकारी बनकर ‘डिजिटल अरेस्ट’ की धमकी देने और 4 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में लालबाजार स्थित साइबर थाने की पुलिस ने एक व्यक्ति को राजस्थान से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान शांतिलाल के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपित ने शिकायतकर्ता को फोन कर खुद को एनसीबी का अधिकारी बताया। उसे कहा गया कि उसके नाम से एक पार्सल आया है, जिसमें मादक पदार्थ मिला है। यह पार्सल मुंबई से जॉर्जिया भेजा जाना था। आरोपी ने मामले में गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई की धमकी देते हुए ‘डिजिटल अरेस्ट’ का डर दिखाया। आरोप है कि इस तथाकथित मामले से राहत दिलाने के नाम पर शिकायतकर्ता से 4 लाख रुपये की मांग की गई और पूरी रकम ठग ली गई। जांच के दौरान पता चला कि गिरफ्तार आरोपित के बैंक खाते में 2 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए थे। तकनीकी जांच और बैंक लेन-देन के आधार पर पुलिस ने आरोपी का पता लगाकर उसे राजस्थान से गिरफ्तार किया। बुधवार को आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 2 मार्च तक पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया गया। यहां उल्लेखनीय है कि कुछ दिनों पहले पुलिस ने तालतल्ला इलाके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in