शेयर ट्रेडिंग के नाम पर एक करोड़ की ठगी, एक गिरफ्तार

मोचीपाड़ा थाना इलाके की घटना
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

कोलकाता : शेयर ट्रेडिंग में निवेश पर अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह मामला मोचीपाड़ा थाना क्षेत्र का है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान तारक नाथ दास के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे उत्तर कोलकाता के बेलघरिया स्थित बी.टी. रोड इलाके से गिरफ्तार किया। गुरुवार को पुलिस ने अभियुक्त को बैंकशाल अदालत में पेश किया, जहां मामले की गंभीरता को देखते हुए अभियुक्त की पुलिस हिरासत मंजूर की गई।

अदालत में सरकारी वकील ने अभियोजन की ओर से दलील देते हुए बताया कि अभियुक्त ने पिछले वर्ष कई लोगों को शेयर ट्रेडिंग में निवेश करने पर भारी मुनाफा कमाने का लालच दिया था। इस बहाने उसने अलग-अलग निवेशकों से एक करोड़ रुपये से अधिक की राशि वसूल की। सरकारी वकील के अनुसार, लोगों का भरोसा जीतने और ठगी को वैध रूप देने के लिए अभियुक्त ने करीब 25 कंपनियां भी खोली थीं, जिनके नाम पर निवेश की रकम ली जाती थी।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अभियुक्त सोशल मीडिया और व्यक्तिगत संपर्कों के माध्यम से लोगों को अपने जाल में फंसाता था। वह खुद को शेयर बाजार का विशेषज्ञ बताकर निवेशकों को कम समय में दोगुना-तिगुना मुनाफा मिलने का दावा करता था। शुरुआती दौर में कुछ लोगों को मामूली रकम लौटाकर उनका विश्वास भी जीता गया, ताकि वे और अधिक निवेश करें। इसके बाद बड़ी रकम मिलने पर अभियुक्त ने संपर्क तोड़ लिया।

इस मामले को लेकर मोचीपाड़ा थाने में पीड़ितों द्वारा लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि अभियुक्त के बैंक खाते में ठगी से जुड़ी 42 हजार रुपये की राशि जमा होने के सबूत मिले हैं। पुलिस का मानना है कि यह रकम ठगी के पैसों का ही हिस्सा है और अन्य खातों के जरिए बड़ी राशि का लेनदेन किया गया हो सकता है।

मामले की तह तक जाने और ठगी के नेटवर्क, अन्य सहयोगियों तथा पैसों के लेनदेन की पूरी जानकारी हासिल करने के लिए पुलिस ने अभियुक्त की हिरासत की मांग की। अदालत ने पुलिस की दलील स्वीकार करते हुए तारक नाथ दास को 31 जनवरी तक पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया है। पुलिस का कहना है कि आगे की पूछताछ में और भी अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in