

सन्मार्ग संवाददाता :
कोलकाता : अमेरिकी नागरिकों को फर्जी तकनीकी सहायता देने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक अवैध कॉल सेंटर गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस धोखाधड़ी मामले में पुलिस ने अमित कुमार नामक एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। बुधवार को पुलिस ने आरोपी को बैंकशाल अदालत में पेश किया, जहां से अदालत ने उसे 29 सितंबर तक पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोलकाता स्थित इस कॉल सेंटर से वीओआईपी कॉल के जरिए अमेरिकी नागरिकों से संपर्क किया जाता था। आरोपी खुद को एक प्रसिद्ध टेक कंपनी का प्रतिनिधि बताकर विदेशी नागरिकों को कंप्यूटर और सर्वर में आई तकनीकी समस्या दूर करने का झांसा देते थे और इसके बदले उनसे मोटी रकम वसूल लेते थे।
मामले में अब तक चार गिरफ्तारियां
अदालत में सुनवाई के दौरान पुलिस ने नेटवर्क के बाकी सदस्यों और वित्तीय लेनदेन का पर्दाफाश करने के लिए आरोपी की पुलिस कस्टडी की मांग की। गौरतलब है कि इस फर्जीवाड़े में पुलिस पहले ही तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जो फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं। अमित कुमार की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब इस पूरे गिरोह के मास्टरमाइंड तक पहुंचने के लिए उनसे पूछताछ कर रही है।