हेस्टिंग्स में दिनदहाड़े 5.90 लाख की लूट

डीडी ने एक अभियुक्त को किया गिरफ्तार
5.90 लाख की लूट
फाइल फोटो
Published on

कोलकाता: हेस्टिंग्स थाना क्षेत्र में एक व्यस्त सड़क पर हुई लूट की घटना के मामले में कोलकाता पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लालबाजार स्थित एंटी डकैती सेक्शन की टीम ने इस मामले में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी का नाम पप्पा साव है।

क्या है पूरा मामला

यह घटना 16 सितंबर की है, जब मटियाब्रुज निवासी एक व्यवसायी किसी कार्य से बाहर गया हुआ था और लौटते समय हेस्टिंग्स इलाके में बस से उतर रहा था। उसी दौरान एक व्यक्ति ने उसे अचानक रास्ते में घेर लिया और जबरन उससे 5.90 लाख रुपये छीन लिए। रकम लूटने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और व्यवसायी ने तुरंत हेस्टिंग्स थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलने के बाद कोलकाता पुलिस की एंटी डकैती शाखा सक्रिय हो गई। विशेष जांच दल ने घटना की छानबीन शुरू की और तकनीकी निगरानी के जरिये अभियुक्त की पहचान करने में सफलता प्राप्त की। पुलिस ने पप्पा साव को गुरुवार को पोद्दार कोर्ट इलाके से गिरफ्तार किया।

गिरफ्तारी के बाद शुक्रवार को अभियुक्त को बैंकशाल कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे 8 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया है। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह जानने की कोशिश कर रही है कि वह इस लूट को अकेले अंजाम दे रहा था या उसके साथ कोई और भी शामिल था।

साथ ही पुलिस लूटी गई रकम की बरामदगी के लिए भी प्रयास कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि लूट की योजना पहले से बनाई गई थी और घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद को छिपा लिया था।

कोलकाता जैसे व्यस्त महानगर में दिनदहाड़े इस तरह की लूट की घटना ने आम नागरिकों और व्यवसायियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। हालांकि पुलिस का कहना है कि वह इस मामले में पूरी गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही अन्य संभावित अभियुक्तों को भी पकड़ लिया जाएगा।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in