मेडिकल कॉलेज में दाखिले के नाम पर 50 लाख की ठगी

बर्दवान से आरोपी जगन्नाथ मंडल गिरफ्तार
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : एक नामी प्राइवेट मेडिकल कॉलेज अस्पताल में छात्र का दाखिला कराने का झांसा देकर 50 लाख रुपये ऐंठने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले की जांच में जुटी वाटगंज थाने की पुलिस ने जगन्नाथ मंडल नाम के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गुरुवार को पुलिस ने आरोपी को अलीपुर अदालत में पेश किया, जहां से उसे आगामी मंगलवार तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

सूत्रों के अनुसार, यह मामला फरवरी 2023 का है, जब मुर्शिदाबाद के रहने वाले एक शिकायतकर्ता ने वाटगंज थाने में धोखाधड़ी की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि आरोपियों ने उनके बेटे को एक प्रतिष्ठित प्राइवेट मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की सीट दिलाने का आश्वासन दिया था। इसके बदले उनसे कुल 50 लाख रुपये ऐंठ लिए गए। पैसे लेने के बावजूद जब छात्र का दाखिला नहीं हुआ और रकम भी वापस नहीं की गई, तब पीड़िता को ठगी का अहसास हुआ। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और मुख्य आरोपी जगन्नाथ मंडल को धर दबोचा। पुलिस अब आरोपी से हिरासत में पूछताछ कर इस रैकेट में शामिल अन्य सहयोगियों और ठगी की रकम की बरामदगी का प्रयास कर रही है।


Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in