

16 सितंबर तक पुलिस हिरासत
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करने के आरोप में गोल्फग्रीन थाना पुलिस ने मृत्युंजय प्रसाद नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने झारखंड के एक युवक को केंद्र सरकार के एक संस्थान में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उससे 2 लाख 75 हजार रुपये लिए थे। बुधवार को पुलिस ने आरोपी को अलीपुर एसीजेएम अदालत में पेश किया। सरकारी वकील सज्जाद अली खान ने आरोपी की जमानत याचिका का विरोध करते हुए अदालत को बताया कि आरोपी ने नौकरी दिलाने के नाम पर युवक से चरणबद्ध तरीके से रुपये लिए थे।
आरोप है कि रकम लेने के बाद आरोपी ने नौकरी के नाम पर फर्जी दस्तावेज और जाली नियुक्ति पत्र उपलब्ध कराया। इतना ही नहीं, नौकरी पाने वाले युवक के नाम पर कथित तौर पर फर्जी पुलिस वेरिफिकेशन भी कराया गया। कुछ समय बाद युवक को पूरे मामले में धोखाधड़ी और जालसाजी का पता चला, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर गोल्फ ग्रीन थाना पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी मृत्युंजय प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाने और फर्जी दस्तावेज तैयार करने तथा कथित तौर पर ठगी की रकम के इस्तेमाल से संबंधित जानकारी हासिल करने के लिए आरोपी की पुलिस हिरासत की मांग की। अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद आरोपी को 16 सितंबर तक पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया। पुलिस मामले में फर्जी दस्तावेज और नियुक्ति पत्र से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।