

कोलकाता : साधु का भेष धारण कर आशीर्वाद देने के बहाने सोने की अंगूठी ठगने के मामले में पुलिस ने एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। यह घटना न्यू अलीपुर इलाके में हुई थी। अभियुक्त का नाम राजू कुमार है।
क्या है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार, 3 फरवरी 2026 की सुबह पेशे से बैक मैनेजर जब अपने घर के बाहर खड़े थे तभी एक व्यक्ति साधु के वेश में उनके पास पहुंचा और विभिन्न तरह की बातें करके उन्हें अपने जाल में फंसाया। आरोप है कि जालसाज ने अनिर्वाण को आशीर्वाद देने के नाम पर उनकी सोने की अंगूठी मांगी। आरोप है कि आरोपित ने आशीर्वाद देने का झांसा देकर उनसे सोने की अंगूठी ले ली और फिर उन्हें पीछे की ओर चलने के लिए कहा। जैसे ही शिकायतकर्ता पीछे हटे, आरोपित वहां से अंगूठी लेकर फरार हो गया। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी की फुटेज एकत्र कर उसका विश्लेषण किया। फुटेज को खुफिया सूत्रों को दिखाने के बाद मिली विश्वसनीय जानकारी के आधार पर एक आरोपित की पहचान की गई।
पुलिस ने आरोपित राजू कुमार को 2 मार्च 2026 को अदालत के आदेश पर हिरासत में लिया। वह गुजरात के आनंद इलाके के पास कम्युनिटी हॉल का निवासी है और कोलकाता के हेस्टिंग्स इलाके में सैयद बाबा मजार के पास झुग्गी में भी रहता था। पुलिस ने आरोपित से कड़ी पूछताछ की, जिसके बाद उसके बयान के आधार पर शिकायतकर्ता की ठगी गई करीब 2.930 ग्राम वजनी सोने की अंगूठी बरामद कर जब्त कर ली गई। पुलिस ने बताया कि आरोपित को 6 मार्च 2026 को रिमांड के लिए अदालत में पेश किया जाएगा। मामले की आगे की जांच जारी है।