छिनतई के मोबाइल से ऑनलाइन शॉपिंग

बड़ाबाजार थाना इलाके की घटना, एक गिरफ्तार
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

कोलकाता: शहर में छिनतई के मोबाइल फोन का दुरुपयोग कर ऑनलाइन शॉपिंग करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान इरशाद अशरफ के रूप में हुई है। लालबाजार के एंटी-स्नेचिंग सेक्शन के पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार देर रात से आरोपी की तलाश कर उसे ईएम बाइपास के पास से पकड़ लिया।

जानकारी के अनुसार, मामला बड़ा बाजार थाना क्षेत्र का है। 21 मार्च को शिकायतकर्ता ने दर्ज कराई कि व्यस्त सड़क पर उसका मोबाइल फोन छीन लिया गया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि इरशाद अशरफ ने उसी मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर ऑनलाइन पेमेंट के जरिए 6,760 रुपये की खरीदारी की।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर रविवार को बैंकशाल अदालत में पेश किया। सरकारी वकील राधानाथ रंग ने अदालत को बताया कि आरोपी ने छिनतई के मोबाइल का दुरुपयोग कर पैसे की ठगी की। मामले की गहन जांच और अन्य संभावित सहयोगियों की पहचान के लिए पुलिस ने हिरासत की मांग की।

अदालत ने पुलिस की अर्जी स्वीकार करते हुए आरोपी को 7 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया। अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ में कई अहम सुराग मिल सकते हैं, जो अन्य छिनतई और साइबर अपराधों के मामलों में मददगार साबित होंगे।

लालबाजार पुलिस का कहना है कि इस तरह के मामलों में साइबर और ऑनलाइन भुगतान का दुरुपयोग तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने लोगों से सावधानी बरतने और मोबाइल तथा इंटरनेट बैंकिंग का उपयोग करते समय सतर्क रहने की अपील की है। इस मामले में पुलिस पूरी तरह जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने में जुटी है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in