

कोलकाता : महानगर के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में क्रिकेट मैच के क्लब हाउस टिकट दिलाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। पार्क स्ट्रीट थाना क्षेत्र की इस घटना में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि युवक ने मैच के लिए क्लब हाउस के छह टिकट उपलब्ध कराने का झांसा देकर 30 हजार रुपये वसूल लिए, लेकिन बदले में कम कीमत वाले सामान्य टिकट थमा दिए।
शिकायतकर्ता ने इस संबंध में कोलकाता पुलिस के पार्क स्ट्रीट थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए लालबाजार स्थित एआरएस (एंटी राउडी सेक्शन) के जासूसों ने जांच शुरू की। तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने गणेश हर्ष नामक युवक को पार्क स्ट्रीट इलाके से गिरफ्तार कर लिया।
शिकायत के अनुसार, आरोपित ने दावा किया था कि उसके पास क्लब हाउस के प्रीमियम टिकट उपलब्ध हैं। शिकायतकर्ता को विश्वास में लेने के लिए उसने टिकटों का लिफाफा सौंपा, लेकिन जब लिफाफा खोला गया तो उसमें सामान्य श्रेणी के टिकट पाए गए, जिनकी कीमत क्लब हाउस टिकटों से काफी कम थी। खुद को ठगा महसूस करने पर पीड़ित ने तुरंत पुलिस का सहारा लिया।
शनिवार को आरोपित को बैंकशाल अदालत में पेश किया गया। सरकारी वकील ने जमानत का विरोध करते हुए कहा कि यह संगठित गिरोह का मामला हो सकता है। सुनवाई के बाद अदालत ने आरोपी को 2 मार्च तक पुलिस हिरासत में भेज दिया। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और इस मामले से जुड़े अन्य संभावित आरोपितों की तलाश जारी है।