कोलकाता एयरपोर्ट पर बड़ी ड्रग्स तस्करी का खुलासा, दो यात्री गिरफ्तार

कोलकाता एयरपोर्ट पर बड़ी ड्रग्स तस्करी का खुलासा, दो यात्री गिरफ्तार
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर कस्टम्स विभाग ने 28 अप्रैल को दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी का पर्दाफाश किया। कस्टम्स प्रिवेंटिव व एयरपोर्ट के कमिश्नर विनायक आजाद की अध्यक्षता में टीम ने यात्री प्रोफाइलिंग के आधार पर अधिकारियों ने इंटरनेशनल अराइवल हॉल में दो यात्रियों को उस समय रोका, जब वे ग्रीन चैनल पार कर बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे। पहला यात्री थाई एयरवेज की फ्लाइट TG 313 से बैंकॉक से आया था, जबकि दूसरा यात्री इंडिगो की फ्लाइट 6E 1058 से पहुंचा था। तलाशी के दौरान दोनों के चेक-इन बैगेज से बड़ी मात्रा में हाइड्रोपोनिक मारिजुआना (गांजा) बरामद किया गया।

कस्टम अधिकारियों के अनुसार, पहले यात्री के पास से 8,994 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 3.14 करोड़ रुपये है। वहीं, दूसरे यात्री के पास से 1,468 ग्राम गांजा मिला, जिसकी अनुमानित कीमत 51.38 लाख रुपये है। तस्करों ने मादक पदार्थ को एयरटाइट पैकेजिंग में छिपाकर रखा था, ताकि सुरक्षा जांच से बचा जा सके। कुल मिलाकर 10,462 ग्राम गांजा, जिसकी कीमत लगभग 3.66 करोड़ रुपये आंकी गई है, को NDPS अधिनियम, 1985 की धारा 43(ए) के तहत जब्त कर लिया गया है। दोनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है। कस्टम विभाग ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और इस अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, मास्टरमाइंड, की पहचान कर उन्हें पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in