जूट से सजे ‘ओन्नो पूजा’ पंडाल का उद्घाटन किया गया

नेशनल जूट बोर्ड (एनजेबी) की ओर से कई पहल की गई
टेक्सटाइल कमिश्नर एवं जूट कमिश्नर वृंदा एम. देसाई और  नेशनल जूट बोर्ड ऑफ इंडिया के सचिव शशि भूषण सिंह दुर्गा पूजा का उद्घाटन करते हुए, साथ में हैं कई अन्य अधिकारी
टेक्सटाइल कमिश्नर एवं जूट कमिश्नर वृंदा एम. देसाई और नेशनल जूट बोर्ड ऑफ इंडिया के सचिव शशि भूषण सिंह दुर्गा पूजा का उद्घाटन करते हुए, साथ में हैं कई अन्य अधिकारी
Published on: 

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : दुर्गापूजा के दौरान पर्यावरण अनुकूल सजावट और जूट से बने उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नेशनल जूट बोर्ड (एनजेबी) की ओर से कई पहल की गई हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को तपसिया रोड स्थित ऑफबीट सीसीयू में ‘ओन्नो पूजा’ नामक दुर्गापूजा पंडाल का उद्घाटन टेक्सटाइल कमिश्नर एवं जूट कमिश्नर वृंदा एम. देसाई तथा नेशनल जूट बोर्ड के सचिव शशि भूषण सिंह ने किया। नेशनल जूट बोर्ड की इन पहलों का उद्देश्य जूट से बने विविध उत्पादों (जूट डायवर्सिफाइड प्रोडक्ट्स- जेडीपी) को प्रोत्साहित करने के साथ जूट को पर्यावरण के अनुकूल और टिकाऊ सामग्री के रूप में लोकप्रिय बनाना है। इसके तहत कोलकाता के 15 दुर्गापूजा पंडालों में स्टॉल लगाए गए हैं, जहां जूट से बने विभिन्न उत्पादों का प्रदर्शन और बिक्री की जा रही है। इसके अलावा, बोर्ड की ओर से ‘जूट से पर्यावरण अनुकूल पूजा पंडाल प्रतियोगिता’ आयोजित की जा रही है। इसमें सजावट में जूट का इस्तेमाल करने वाले पूजा आयोजकों को जूट के उपयोग की मात्रा, कलात्मक प्रस्तुति और सौंदर्य के आधार पर सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा। इस पहल के माध्यम से दुर्गापूजा जैसे बड़े सांस्कृतिक आयोजन के जरिए पर्यावरण के अनुकूल सामग्रियों के इस्तेमाल और जूट उत्पादों के प्रति लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in