दुर्गा पूजा के दौरान जिलों में होगी पोस्टिंग
कोलकाता : पश्चिम बंगाल पुलिस में हाल ही में नियुक्त कांस्टेबलों का बुनियादी प्रशिक्षण 12 अक्टूबर से राज्य के विभिन्न पुलिस प्रशिक्षण संस्थानों में शुरू होगा। इससे एक दिन पहले, 11 अक्टूबर को कोलकाता के नेताजी इनडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में नव-नियुक्त कांस्टेबलों को नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे। पश्चिम बंगाल पुलिस निदेशालय की प्रशिक्षण शाखा के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक की ओर से जारी निर्देश के मुताबिक, नव-नियुक्त कांस्टेबलों को प्रशिक्षण संस्थानों का जिलावार आवंटन जल्द जारी किया जाएगा।निर्देश के अनुसार, प्रशिक्षण शुरू होने के कुछ दिनों बाद 17 अक्टूबर को सभी प्रशिक्षुओं को उनके संबंधित जिलों में दुर्गापूजा ड्यूटी के लिए भेजा जाएगा। पूजा ड्यूटी पूरी करने के बाद उन्हें 27 अक्टूबर को अपने-अपने प्रशिक्षण संस्थानों में दोबारा रिपोर्ट करना होगा, जहां वे अपना शेष बुनियादी प्रशिक्षण पूरा करेंगे। पुलिस मुख्यालय ने राज्य के सभी जिला पुलिस अधीक्षकों और पुलिस आयुक्तों को नव-नियुक्त कांस्टेबलों के आवागमन समेत अन्य आवश्यक लॉजिस्टिक्स और प्रशासनिक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। प्रशिक्षण के दौरान जवानों को पुलिस सेवा से जुड़े विभिन्न पहलुओं और आवश्यक कार्यप्रणाली का बुनियादी प्रशिक्षण दिया जाएगा।