

कोलकाता : पश्चिम बंगाल की सांस्कृतिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करने के उद्देश्य से कोलकाता में 19 और 20 नवंबर 2026 को अंतरराष्ट्रीय पारंपरिक मुखौटा नृत्य उत्सव का आयोजन किया जाएगा। न्यूटाउन स्थित रवींद्र तीर्थ में आयोजित होने वाले इस दो दिवसीय उत्सव में भारत, श्रीलंका और दक्षिण कोरिया के कलाकार अपनी पारंपरिक मुखौटा नृत्य कलाओं का प्रदर्शन करेंगे।
इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में कुल पांच विशिष्ट नृत्य शैलियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इनमें पश्चिम बंगाल के पुरुलिया का प्रसिद्ध छऊ नृत्य, दिनाजपुर का गोमीरा नृत्य, मध्य प्रदेश का कर्मा शैला नृत्य, श्रीलंका का टुक्का वाडु कोलम और दक्षिण कोरिया का हेसो तलछुम शामिल हैं। इन प्रस्तुतियों के जरिए विभिन्न देशों की समृद्ध लोक संस्कृति, ऐतिहासिक परंपराओं और कलात्मक विरासत की झलक देखने को मिलेगी।
यह उत्सव यूनेस्को और पश्चिम बंगाल सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) तथा वस्त्र विभाग के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। ग्रामीण हस्तशिल्प एवं सांस्कृतिक केंद्र परियोजना के तहत कोलकाता सांस्कृतिक विरासत समिति इस कार्यक्रम की जिम्मेदारी संभाल रही है।
आयोजन का प्रमुख उद्देश्य पारंपरिक लोक कलाओं को वैश्विक पहचान दिलाने के साथ उनके संरक्षण और संवर्धन को बढ़ावा देना है। इसके माध्यम से विभिन्न देशों के कलाकारों को एक साझा मंच मिलेगा, जहां वे अपनी कला, अनुभव और सांस्कृतिक परंपराओं का आदान-प्रदान कर सकेंगे।
उत्सव में विलुप्त होने की कगार पर पहुंच रही पारंपरिक नृत्य शैलियों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके अलावा लोक कलाकारों को सम्मान, व्यापक पहचान और आजीविका के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की जाएगी।
आयोजकों के अनुसार, यह उत्सव सांस्कृतिक विविधता के सम्मान के साथ भारत और अन्य देशों के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों को मजबूत करने का भी माध्यम बनेगा।