फर्जी ‘मिरर ऐप’ के जरिए साइबर ठगी, दो लोगों के खाते से उड़ाए 9.24 लाख रुपये

बिजली कंपनी और सरकारी बैंक के अधिकारी बनकर जालसाजों ने भेजे फर्जी ऐप के लिंक
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on: 

, मोबाइल का नियंत्रण लेकर की ठगी

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : कभी बिजली कंपनी तो कभी सरकारी बैंक के नाम पर फर्जी ऐप भेजकर साइबर ठगी की जा रही है। देखने में ये ऐप बिल्कुल असली ऐप जैसे लगते हैं, लेकिन वास्तव में ये ‘मिरर ऐप’ होते हैं। इन्हें डाउनलोड करते ही साइबर अपराधियों को मोबाइल का नियंत्रण मिल जाता है। इसके बाद वे आसानी से बैंक खातों से लाखों रुपये उड़ा लेते हैं। दक्षिण कोलकाता के बांसद्रोणी और ठाकुरपुकुर थानों में इस तरह की ठगी के दो मामले सामने आए हैं। दोनों मामलों में पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, साइबर अपराधी कभी बिजली कंपनी का अधिकारी बनकर तो कभी सरकारी बैंक का रिलेशनशिप मैनेजर बताकर लोगों को फोन करते हैं। वे किसी समस्या या सुविधा का हवाला देकर संबंधित कंपनी या बैंक का ऐप डाउनलोड करने को कहते हैं। इसके बाद मोबाइल पर एक लिंक भेजते हैं। लोग उसे असली ऐप समझकर डाउनलोड कर लेते हैं और ठगी का शिकार हो जाते हैं।

बिजली बिल अपडेट नहीं होने का दिया झांसा

ठाकुरपुकुर के एक निवासी ने पुलिस को बताया कि उनके पास एक व्यक्ति का फोन आया। उसने खुद को बिजली कंपनी का अधिकारी बताया और कहा कि उन्होंने बिजली बिल का भुगतान तो कर दिया है, लेकिन कंपनी के रिकॉर्ड में भुगतान अपडेट नहीं हुआ है। इस कारण भविष्य में उन्हें परेशानी हो सकती है। समस्या से बचने के लिए फोन करने वाले ने उन्हें बिजली कंपनी का ऐप डाउनलोड करने की सलाह दी और एक लिंक भेजा। पीड़ित ने उसे असली ऐप समझकर डाउनलोड कर लिया। इसके बाद उनसे ऐप के जरिए अपना कस्टमर आईडी भेजने को कहा गया। इसी दौरान उनके मोबाइल पर एक ओटीपी आया, जिसे उन्होंने बिजली कंपनी का अधिकारी समझकर फोन करने वाले को बता दिया। कुछ ही देर बाद साइबर अपराधियों ने उनके बैंक खाते से आठ अलग-अलग लेनदेन में कुल 98,866 रुपये निकाल लिए। इसके बाद पीड़ित ने ठाकुरपुकुर थाने में शिकायत दर्ज कराई।

डेबिट कार्ड देने के नाम पर उड़ाए 8.25 लाख रुपये

ठगी की दूसरी घटना बांसद्रोणी इलाके के लस्करपुर रोड की है। यहां रहने वाली एक महिला को एक व्यक्ति ने फोन किया। उसने खुद को एक सरकारी बैंक का रिलेशनशिप मैनेजर बताया और कहा कि उनके नाम पर नया डेबिट कार्ड जारी किया गया है, जो जल्द ही उनके घर पहुंच जाएगा। हालांकि, कार्ड प्राप्त करने के लिए महिला को बैंक का ऐप डाउनलोड करने को कहा गया। फोन करने वाले ने उन्हें एक लिंक भेजा। महिला ने उसे बैंक का आधिकारिक ऐप समझकर डाउनलोड कर लिया। ऐप डाउनलोड करते ही साइबर अपराधियों ने उनके मोबाइल का नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया। इसके बाद उनके बैंक खाते से 8 लाख 25 हजार 612 रुपये निकाल लिए गए। घटना के बाद महिला ने बांसद्रोणी थाने में शिकायत दर्ज कराई। दोनों शिकायतों के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News