‘पेडल फॉर ए पर्पस–साइक्लेथॉन 2026’ का किया आयोजन

पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
 ‘पेडल फॉर ए पर्पस–साइक्लेथॉन 2026’ का किया आयोजन
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : सस्टेनेबिलिटी, सामुदायिक स्वास्थ्य और जिम्मेदार आतिथ्य को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नोवोटेल कोलकाता होटल एंड रेसिडेंस ने 12 जुलाई को ‘पेडल फॉर ए पर्पस–साइक्लेथॉन 2026’ का आयोजन किया। इस पहल के माध्यम से लोगों को स्वच्छ, स्वस्थ और हरित भविष्य के लिए साइकिलिंग अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अभिनेता एवं निर्देशक सत्रजीत सेन ने साइक्लेथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने प्रतिभागियों से पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने का आह्वान किया।

आयोजकों के अनुसार, यह केवल एक साइकिल रैली नहीं बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में जनजागरूकता अभियान था। प्रतिभागियों को जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता कम करने, कार्बन उत्सर्जन घटाने और दैनिक जीवन में साइकिल के उपयोग को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम की विशेष पहल के तहत होटल ने प्रत्येक प्रतिभागी के पंजीकरण पर एक पौधा लगाने का संकल्प लिया। होटल प्रबंधन का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य केवल साइकिलिंग को बढ़ावा देना नहीं, बल्कि वृक्षारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान देना है।

साइक्लेथॉन में हॉस्पिटैलिटी सेक्टर के प्रतिनिधियों, कॉर्पोरेट पेशेवरों, साइकिलिंग क्लबों, फिटनेस प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के सफल संचालन में बिधाननगर पुलिस कमिश्नरेट, न्यू टाउन पुलिस स्टेशन, न्यू टाउन ट्रैफिक गार्ड, ईको पार्क पुलिस स्टेशन तथा स्पोर्टिज़ टीम का सहयोग रहा।

रैली की शुरुआत नोवोटेल कोलकाता होटल एंड रेसिडेंस से हुई। प्रतिभागी सर्विस रोड होते हुए ईको पार्क स्थित एफिल टॉवर तक पहुंचे और वहीं से वापस होटल लौटे। इस मार्ग का उद्देश्य स्वच्छ परिवहन और टिकाऊ जीवनशैली का संदेश देना था।

नोवोटेल कोलकाता होटल एंड रेसिडेंस के जनरल मैनेजर रजनीश कुमार ने कहा कि सस्टेनेबिलिटी होटल की कार्यसंस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि ‘पेडल फॉर ए पर्पस’ जैसी पहल लोगों को छोटे-छोटे प्रयासों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने के लिए प्रेरित करती है। उनके अनुसार, प्रत्येक प्रतिभागी के नाम पर पौधा लगाना इस अभियान को स्थायी स्वरूप देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

प्रतिभागियों के लिए होटल की ओर से हेल्दी बुफे नाश्ता, हाइड्रेशन सपोर्ट, सॉफ्ट ड्रिंक्स तथा सहभागिता प्रमाणपत्र भी उपलब्ध कराए गए।

इस आयोजन के माध्यम से नोवोटेल कोलकाता होटल एंड रेसिडेंस ने एक बार फिर पर्यावरण संरक्षण, स्वस्थ जीवनशैली और सामुदायिक भागीदारी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in