

राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : डायमंड हार्बर के निकट नूरपुर जेटी घाट पर बुधवार की सुबह एक सिंगापुर का मालवाही जहाज टकरा गया जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मालवाही जहाज नियंत्रण खो बैठा और नूरपुर जेटी घाट से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास के इलाके में तेज आवाज सुनाई दी। घटना के बाद घाट पर मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार जहाज कोलकाता की ओर जा रहा था। हादसे की सूचना मिलते ही संबंधित विभागों को इसकी जानकारी दी गई। दुर्घटना में जेटी को कितना नुकसान हुआ है और जहाज को कितनी क्षति पहुंची है, इसकी विस्तृत जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। गौरतलब है कि नूरपुर जेटी घाट से कुकराहाटी और गेवखाली और गादियाड़ा के बीच हजारों की संख्या में प्रतिदिन लोग आवागमन करते हैं। ऐसे में व्यस्त घाट पर मालवाही जहाज के टकराने की घटना से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों ने घाट क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और जहाजों की आवाजाही पर निगरानी बढ़ाने की मांग की है।