

कोलकाता : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के रविवार को कोलकाता दौरे से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कोलकाता पुलिस ने वीवीआईपी दौरे को देखते हुए शहर के संबंधित इलाकों में अस्थायी तौर पर नो-ड्रोन और नो-फ्लाई जोन घोषित किया है। यह प्रतिबंध 23 अगस्त को सुबह 8 बजे से रात 11 बजे तक या अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा।
पुलिस आयुक्त अजय नंद के आदेश के अनुसार, प्रतिबंधित क्षेत्र में जमीन से 500 मीटर की ऊंचाई तक ड्रोन, यूएवी, गुब्बारे, ग्लाइडर विमान, छोटे विमानों और गैर-निर्धारित विमानों के संचालन पर रोक रहेगी। यह आदेश भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत जारी किया गया है।
राजनाथ सिंह अपने दौरे के दौरान गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स (जीआरएसई) के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इनमें जीआरएसई परिसर और जीआरएसई भवन में होने वाले कार्यक्रम शामिल हैं। सुरक्षा के दायरे में आईटीसी रॉयल और आसपास के इलाकों के साथ-साथ रक्षा मंत्री के संभावित यात्रा मार्ग को भी शामिल किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, हवाई गतिविधियों को नियंत्रित करने का फैसला संभावित हवाई खतरे को रोकने और रक्षा मंत्री की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया गया है। अधिकारियों ने लोगों से प्रतिबंधित क्षेत्रों में किसी भी तरह के ड्रोन या अन्य उड़ने वाले उपकरण का संचालन नहीं करने की अपील की है।