

दीपक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : मोथाबाड़ी में न्यायिक अधिकारियों के साथ दुर्व्यवहार और हिंसा के मामले की जांच में एनआईए ने एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। एनआईए ने मंगलवार को मोथाबाड़ी हिंसा से जुड़े दो मामलों में विशेष एनआईए अदालत में चार्जशीट दाखिल की। दोनों मामलों में कुल 23 आरोपियों को नामजद किया गया है। जानकारी के अनुसार, एक मामले में 22 आरोपियों के खिलाफ 54 पृष्ठों की चार्जशीट दाखिल की गई है, जबकि दूसरे मामले में एक आरोपी के खिलाफ 11 पृष्ठों की चार्जशीट पेश की गई। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इनमें हत्या के प्रयास, सरकारी कर्मचारियों पर हमला, उनके साथ दुर्व्यवहार, सरकारी कार्य में बाधा डालना, ड्यूटी निभाने से रोकना, अवैध रूप से बंधक बनाना तथा अन्य गंभीर आरोप शामिल हैं। गौरतलब है कि मोथाबाड़ी हिंसा मामले में कुल 12 एफआईआर दर्ज की गई थीं। इससे पहले इसी महीने की शुरुआत में एनआईए ने चार मामलों में 31 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी। उन चार मामलों में क्रमशः 3, 15, 10 और 3 आरोपियों के नाम शामिल थे। इनमें एक चार्जशीट में मुख्य आरोपी मोफक्केरुल इस्लाम और एकरामुल बादनानी के नाम भी शामिल थे। मंगलवार को दाखिल की गई नई चार्जशीट में एक मामले में रिंकू आड़ी का नाम भी आरोपी के रूप में शामिल है। इसके साथ ही एनआईए अब तक कुल 12 में से 6 मामलों में चार्जशीट दाखिल कर चुकी है।