

कोलकाता : बीरभूम के नलहाटी में भारी मात्रा में विस्फोटक बरामदगी के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में सुरेश सोरेन और मोताताहार खान शामिल हैं। गुरुवार को दोनों को कोलकाता के नगर दायरा अदालत स्थित विशेष NIA अदालत में पेश किया गया। NIA के विशेष लोक अभियोजक देवाशीष मल्लिक चौधरी ने अदालत को बताया कि इसी वर्ष मार्च में नलहाटी में पुलिस ने एक ट्रक से भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किया था। तलाशी के दौरान ट्रक से 10 हजार जिलेटिन स्टिक और 360 डेटोनेटर मिले थे। बाद में मामले की जांच NIA को सौंप दी गई थी।
सरकारी वकील ने अदालत को बताया कि गिरफ्तार सुरेश सोरेन बरामद विस्फोटक से लदे ट्रक का चालक था, जबकि मोताताहार खान को मामले का मुख्य साजिशकर्ता माना जा रहा है। एनआईए ने दोनों आरोपियों से पूछताछ और मामले की आगे की जांच के लिए उनकी हिरासत की मांग की। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने सुरेश सोरेन और मोताताहार खान को 15 सितंबर तक NIA हिरासत में भेज दिया।
पहले भी हो चुकी है एक गिरफ्तारी
इस मामले में NIA इससे पहले रफीउल शेख नामक आरोपी को गिरफ्तार कर चुकी है। गुरुवार को उसे भी NIA हिरासत से अदालत में पेश किया गया। NIA के विशेष लोक अभियोजक ने बताया कि अदालत ने रफीउल शेख की हिरासत भी 15 सितंबर तक बढ़ा दी है। जांच एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में जिलेटिन स्टिक और डेटोनेटर की खेप कहां ले जाई जा रही थी, इसका मकसद क्या था और इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।