

कोलकाता : कोलकाता पुलिस ने प्रसिद्ध कालीघाट मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए मंदिर के लिए एक अलग पुलिस आउटपोस्ट स्थापित करने का फैसला किया है। पुलिस मुख्यालय लालबाजार की ओर से गुरुवार को इस संबंध में औपचारिक निर्देश जारी किए गए। कोलकाता पुलिस के इतिहास में यह पहली बार है जब किसी विशिष्ट धार्मिक स्थल के लिए अलग से समर्पित पुलिस आउटपोस्ट बनाया जा रहा है।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर जोर
पुलिस के मुताबिक नए आउटपोस्ट का मुख्य उद्देश्य मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करना तथा परिसर में कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। इसके साथ ही संभावित तोड़फोड़ और आतंकी हमले जैसे सुरक्षा खतरों को देखते हुए भी यह कदम उठाया गया है। पुलिस आयुक्त के निर्देश में कहा गया है कि अतीत में कालीघाट मंदिर से जुड़े कई सुरक्षा जोखिम सामने आए हैं। मंदिर की संवेदनशीलता और सुरक्षा संबंधी सभी पहलुओं की समीक्षा के बाद अलग आउटपोस्ट स्थापित करने का निर्णय लिया गया।
इंस्पेक्टर के नेतृत्व में 20 पुलिसकर्मी
प्रस्तावित कालीघाट पुलिस आउटपोस्ट का नेतृत्व इंस्पेक्टर रैंक का अधिकारी करेगा। उसके अधीन कुल 20 पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी। इनमें 1 इंस्पेक्टर, 2 सब-इंस्पेक्टर (एसआई) या सार्जेंट, 8 कांस्टेबल, 5 महिला कांस्टेबल शामिल हैं।
कालीघाट थाने के अधीन रहेगा आउटपोस्ट
नया पुलिस आउटपोस्ट प्रशासनिक रूप से मौजूदा कालीघाट पुलिस थाने के अधीन काम करेगा। हालांकि, इसकी प्रशासनिक निगरानी एक सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) के जिम्मे होगी। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था और पूरे ऑपरेशन की समग्र निगरानी डीसी साउथ करेंगे। पुलिस का मानना है कि अलग आउटपोस्ट बनने से कालीघाट मंदिर जैसे संवेदनशील और अत्यधिक भीड़ वाले धार्मिक स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था अधिक प्रभावी होगी और श्रद्धालुओं को भी बेहतर पुलिस सहायता मिल सकेगी।