न्यू मार्केट के पास अवैध पार्किंग से राहगीरों की बढ़ी परेशानी

फुटपाथ पर आवाजाही हो रही बाधित, मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने महानगर के कई क्षेत्रों का दौरा कर फुटपाथों की स्थिति का लिया था जायजा
न्यू मार्केट इलाके की तस्वीर
न्यू मार्केट इलाके की तस्वीर
Published on

राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : महानगर में फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कर पैदल यात्रियों के लिए सुगम आवागमन सुनिश्चित करने की राज्य सरकार की पहल के बीच न्यू मार्केट, जवाहरलाल नेहरू रोड और शरदबोस रोड में अवैध पार्किंग लोगों के लिए बड़ी समस्या बनती जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि फुटपाथ और सड़क के किनारे अवैध रूप से खड़े किए जा रहे वाहनों के राहगीरों को आवाजाही में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद सरकार ने फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त करने की दिशा में अभियान तेज किया है। हाल ही में राज्य की मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कोलकाता के कॉलेज स्ट्रीट, पार्क स्ट्रीट और पार्क सर्कस क्षेत्रों का दौरा कर फुटपाथों की स्थिति का जायजा लिया था। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा था कि फुटपाथ पैदल यात्रियों के लिए हैं और किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हालांकि, न्यू मार्केट और जवाहरलाल नेहरू रोड क्षेत्र में अवैध पार्किंग की समस्या अब भी बनी हुई है।

स्थानीय लोगों ने यह कहा

स्थानीय लोगों के अनुसार कुछ कार ड्राइवर सड़क और फुटपाथ के किनारे अवैध रूप से वाहन खड़ा कर वहीं से यात्रियों को बैठाते हैं। इससे यह स्थान अनधिकृत टैक्सी स्टैंड का रूप ले चुका है। परिणामस्वरूप फुटपाथ का बड़ा हिस्सा अवरुद्ध हो जाता है और पैदल चलने वालों को सड़क पर उतरकर चलना पड़ता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है। यदि शीघ्र इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या बढ़ सकती है और साथ ही आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।

केएमसी ने कार्रवाई का दिया आश्वासन

इस संबंध में कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के एक प्रतिनिधि ने बताया कि अवैध पार्किंग और अतिक्रमण की शिकायतों को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में संबंधित क्षेत्रों में अभियान चलाकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, ताकि पैदल यात्रियों को सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन की सुविधा मिल सके।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in