

रामबालक , सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : नरेंद्रपुर के आनंदपुर नाजीराबाद इलाके में स्थित दो गोदामों में भीषण आग लगने की घटना की जांच में तेजी लाने के लिए बारुईपुर पुलिस ने एसआईटी का गठन किया है। यह एसआईटी बारुईपुर के एसपी शुभ्रेंदु कुमार के नेतृत्व में पाँच सदस्यों की होगी। इससे जांच कार्य को तेज गति से आगे बढ़ाया जा सकेगा। इस एसआईटी में बारुईपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (हेडक्वार्टर) सहित कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस मामले में अब तक 27 शवों के अवशेष बरामद किए गए हैं। इसके अलावा 27 परिवारों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले में अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें एक ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनी के दो अधिकारी—मनोरंजन शिट और राजा चक्रवर्ती—शामिल हैं। मनोरंजन शिट कंपनी के गोदाम का मैनेजर है, जबकि राजा चक्रवर्ती डिप्टी मैनेजर है। गोदाम में अग्निशमन की समुचित व्यवस्था नहीं होने के आरोप में दोनों को गिरफ्तार किया गया है। दूसरी ओर, डेकोरेटर गोदाम के मालिक गंगाधर दास को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है और वह फिलहाल पुलिस हिरासत में है। पुलिस यह जांच कर रही है कि 25 जनवरी की आधी रात को जब गोदाम में आग लगी, उस समय ये दोनों कहां थे और इस घटना में उनकी क्या भूमिका थी। पूछताछ के लिए जांचकर्ता उन्हें पुलिस हिरासत में लेने की मांग कर सकते हैं। आनंदपुर के नाजीराबाद इलाके में लगातार दो गोदामों में आग लगी थी। माना जा रहा है कि पहले गोदाम से लगी आग फैलकर ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनी के गोदाम तक पहुंची। रात की ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी अंदर फंस गए थे। इन दोनों गोदामों में लगी आग की घटना में अब तक 27 लोगों के शवों के अवशेष मिल चुके हैं। यहां उल्लेखनीय है घटना के बाद परिजनों को रोरो कर बुरा हाल है।