

कोलकाता : रक्षा क्षेत्र की सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स (जीआरएसई) लिमिटेड ने गुरुवार को भारतीय नौसेना को उन्नत निर्देशित मिसाइल फ्रिगेट हिमगिरी प्रदान किया। जीआरएसई अधिकारी ने बताया कि भारतीय नौसेना के प्रोजेक्ट 17ए के तहत जीआरएसई द्वारा निर्मित तीन ऐसे युद्धपोतों में से यह पहला है। नौसेना की ओर से, पूर्वी नौसेना कमान के मुख्य कर्मचारी अधिकारी (तकनीकी) रियर एडमिरल रवनीश सेठ ने इस युद्धपोत को स्वीकार किया।
अधिकारी ने बताया कि ये 149 मीटर लंबे, 6,670 टन वजनी युद्धपोत जीआरएसई द्वारा निर्मित सबसे बड़े और सबसे परिष्कृत निर्देशित मिसाइल फ्रिगेट हैं। उन्होंने बताया कि इन तीनों जहाजों की कीमत 21,833.36 करोड़ रुपये से अधिक है। उन्होंने एक बयान में कहा कि 14 दिसंबर, 2020 को लॉन्च किया गया हिमगिरि ब्रह्मोस एंटी-शिप और लैंड-अटैक क्रूज़ मिसाइलों के साथ-साथ बराक 8 एंटी-एयरक्राफ्ट मिसाइलों से लैस है, जो नौसेना की स्ट्राइक और रक्षात्मक क्षमताओं में एक बड़ी छलांग है। अधिकारी ने कहा कि यह फ्रिगेट एंटी-एयर, एंटी-सरफेस और एंटी-सबमरीन युद्ध संचालन में सक्षम है। उन्होंने कहा कि हिमगिरि कोलकाता स्थित जीआरएसई द्वारा निर्मित और वितरित किया गया 112वां युद्धपोत है।