

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : राज्य सरकार प्रस्तावित नई औद्योगिक नीति को अंतिम रूप देने से पहले 11 अगस्त को उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेगी। यह बैठक नवान्न सभागार में होगी। राज्य के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री तापस राय ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उद्योग प्रतिनिधियों से प्राप्त सुझावों और विचारों को नीति में शामिल करने के बाद इसे मंत्रियों के समूह के समक्ष रखा जाएगा। इसके बाद नीति को राज्य मंत्रिमंडल की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स की ओर से आयोजित एक संवाद सत्र में मंत्री ने कहा कि 11 अगस्त को होने वाली बैठक उद्योग जगत के लिए अपने सुझाव और विचार रखने का महत्वपूर्ण अवसर होगी। उन्होंने कहा कि सरकार नीति को अंतिम रूप देने से पहले उद्योग प्रतिनिधियों की राय को इसमें शामिल करना चाहती है। मंत्री तापस राय ने उद्योगपतियों से बंगाल में निवेश करने की अपील करते हुए कहा कि उद्योग जगत को पूरा सम्मान और सहयोग दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चाहती है कि अधिक से अधिक उद्योगपति पश्चिम बंगाल में निवेश करें और राज्य के औद्योगिक विकास में योगदान दें।
सरकार की प्रस्तावित नई औद्योगिक नीति को राज्य में निवेश बढ़ाने, उद्योगों को प्रोत्साहन देने और औद्योगिक विकास को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। 11 अगस्त की बैठक के बाद नीति को मंजूरी की अगली प्रक्रिया में ले जाया जाएगा।