दक्षिण पूर्व रेलवे में मनाया गया राष्ट्रीय एकता दिवस

‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन, मोटरसाइकिल रैली को अपर महाप्रबंधक मनीष जैन ने दिखाई हरी झंडी
Kolkata
मोटरसाइकिल रैली को हरी झंडी दिखाते अपर महाप्रबंधक मनीष जैन
Published on: 

कोलकाता : भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर दक्षिण पूर्व रेलवे की ओर से शनिवार को गार्डेनरीच स्थित मुख्यालय में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक मनीष जैन ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई।

सभी ने देश की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने तथा नागरिकों के बीच एकता का संदेश प्रसारित करने के लिए निष्ठापूर्वक कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के तहत अपर महाप्रबंधक मनीष जैन ने रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों द्वारा निकाली गई मोटरसाइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इसके साथ ही उन्होंने मुख्यालय परिसर में आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ को भी रवाना किया। इस दौड़ में प्रधान विभागाध्यक्षों एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में रेलवे सुरक्षा कर्मियों, दक्षिण पूर्व रेलवे के खिलाड़ियों, नागरिक सुरक्षा संगठन तथा भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

आयोजन का उद्देश्य सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रति योगदान को स्मरण करना तथा देशवासियों के बीच राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना रहा।

मुख्यालय के साथ दक्षिण पूर्व रेलवे के सभी चार मंडलों खड़गपुर, आद्रा, चक्रधरपुर एवं रांची में भी राष्ट्रीय एकता दिवस विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से मनाया गया। इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News