6 जून को कोलकाता में भर्ती नीति पर राष्ट्रीय सम्मेलन, शुभेंदु करेंगे अध्यक्षता

रेलवे समेत कई एजेंसियों के साथ सरकार करेगी भर्ती व्यवस्था पर मंथन
शुभें‍दु अधिकारी
शुभें‍दु अधिकारी
Published on

कोलकाता : पश्चिम बंगाल की भाजपा सरकार राज्य की भर्ती व्यवस्था में व्यापक सुधार और पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से आगामी 6 जून को कोलकाता में राष्ट्रीय स्तर की संगोष्ठी (symposium) आयोजित करने जा रही है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को सियालदह में आयोजित रोजगार मेले से इसकी घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस संगोष्ठी में राज्य और केंद्र सरकार की विभिन्न भर्ती एजेंसियों एवं प्राधिकरणों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। रेलवे भर्ती से जुड़ी संस्थाओं सहित कई राष्ट्रीय स्तर की एजेंसियां भी इसमें भाग लेंगी। राज्य सरकार इन संस्थाओं के अनुभव और कार्यप्रणाली का अध्ययन कर पश्चिम बंगाल की भर्ती नीति को अधिक पारदर्शी, आधुनिक और जवाबदेह बनाने की दिशा में काम करेगी।

शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में भर्ती घोटालों और अनियमितताओं के कारण पश्चिम बंगाल की छवि को नुकसान पहुंचा है। इसलिए सरकार ऐसी नयी भर्ती प्रणाली तैयार करना चाहती है, जिसमें लिखित परीक्षा, मूल्यांकन और चयन प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी हो। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न भर्ती प्रक्रियाओं में तकनीक और निगरानी के जरिए पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है तथा पश्चिम बंगाल की “डबल इंजन सरकार” भी उसी मॉडल पर आगे बढ़ना चाहती है।

मुख्यमंत्री ने संकेत दिया कि कोलकाता में आयोजित होने वाले इस राष्ट्रीय सम्मेलन में मंथन के जरिए भर्ती प्रक्रिया में सुधार संबंधी प्रस्तावों को अंतिम रूप दिया जाएगा। साथ ही, आगामी विधानसभा सत्र में प्रस्तावित नये भर्ती कानून को भी अधिक व्यावहारिक और प्रभावी बनाने की दिशा में चर्चा की जाएगी।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in