

दक्षिण 24 परगना : नामखाना टोल प्लाजा के निकट स्थित एक चाय की दुकान के सामने से भारी मात्रा में आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र सहित कई महत्व पूर्ण दस्तावेज बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया है। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने दस्तावेजों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों द्वारा दी गई सूचना के आधार पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दस्तावेजों को बरामद किया। बरामद सामग्री में 30 से अधिक आधार कार्ड, 9 मतदाता पहचान पत्र, जीवन बीमा से संबंधित कई बांड, एटीएम कार्ड तथा विभिन्न बैंकों की पासबुक शामिल हैं। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में महत्वपूर्ण दस्तावेज चाय की दुकान के सामने कैसे पहुंचे, इसे लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों के बीच भी इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा शुरू हो गई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सभी दस्तावेजों को जब्त कर उनकी सत्यता की जांच की जा रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि दस्तावेज असली हैं या नहीं और वे वहां तक कैसे पहुंचे। जिन लोगों के नाम इन दस्तावेजों में दर्ज हैं, उनसे भी संपर्क किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविकता सामने आ सकेगी। फिलहाल घटना को लेकर इलाके में काफी चर्चा है।