नगर विकास मंत्री ने गरियाहाट बाजार का निरीक्षण किया

मंत्री अग्निमित्रा पाल
मंत्री अग्निमित्रा पाल
Published on

राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : राज्य में प्रशासनिक बदलाव के बाद बाजारों और सार्वजनिक स्थानों में स्वच्छता व्यवस्था बहाल करने पर नई सरकार ने जोर दिया है। इसी क्रम में नगर एवं शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने गरियाहाट मार्केट का निरीक्षण किया। उनके साथ कोलकाता नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद थे। बाजार के विभिन्न हिस्सों में कई अनियमितताएं देखकर मंत्री ने नाराजगी जताई। मछली बाजार में जगह-जगह फैला कचरा, मछलियों के शल्क और गंदगी देखकर उन्होंने असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने इसकी भी जांच की कि नालियां मौजूद होने के बावजूद मछली बाजार का पानी ठीक से क्यों नहीं निकल रहा है। निरीक्षण में पाया गया कि मछलियों के शल्क जमा होने से नालियों के मुहाने बंद हो गए हैं। मंत्री ने स्पष्ट कहा कि सरकारी भूमि का निजी उपयोग स्वीकार नहीं किया जाएगा। बाजार की स्थिति सुधारने के लिए उन्होंने व्यापारियों को 15 दिनों की मोहलत दी है। गरियाहाट के मछली बाजार के पास स्थित फल बाजार का भी उन्होंने निरीक्षण किया। निरीक्षण के अंत में अग्निमित्रा पाल ने कहा कि नई सरकार के कार्यकाल में किसी व्यक्ति या समूह के हित में नहीं, बल्कि नियमों के अनुसार काम होगा। उन्होंने कहा: "यह शुभेंदु अधिकारी की सरकार है। यहां किसी की सुविधा या किसी के निजी स्वार्थ के लिए कोई काम नहीं होगा।"

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in