गैस संकट पर नवान्न अलर्ट, SOP जारी

कंट्रोल रूम शुरू और निगरानी तेज
गैस संकट पर नवान्न अलर्ट, SOP जारी
Published on

प्रसेनजीत, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : राज्य में बढ़ते गैस संकट और उससे पैदा हो रही अव्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए राज्य प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के निर्देश के बाद राज्य सरकार ने गैस आपूर्ति को सामान्य बनाए रखने और अवैध तस्करी व कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए विस्तृत स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) जारी किया है। इसका उद्देश्य आपूर्ति प्रणाली में स्थिरता लाना, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बढ़ाना और आम लोगों की शिकायतों का तेजी से समाधान करना है।

राज्य सचिवालय नवान्न में 24 घंटे का स्टेट एलपीजी कंट्रोल रूम शुरू किया गया है, जो पूरे राज्य में एलपीजी की उपलब्धता, भंडारण और परिवहन पर लगातार नजर रखेगा। आपात संपर्क के लिए 1070, 033-2214-3526 और मोबाइल नंबर 8697981070 जारी किए गए हैं। स्थिति की समीक्षा के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समिति भी बनाई गई है, जिसमें विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं।

SOP के तहत घरेलू उपभोक्ताओं, अस्पतालों, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों और सरकारी छात्रावासों को गैस आपूर्ति में प्राथमिकता दी जाएगी। जरूरत पड़ने पर एलपीजी टैंकरों को पुलिस सुरक्षा के साथ ग्रीन कॉरिडोर से भेजा जाएगा। कालाबाजारी और अवैध भंडारण रोकने के लिए जिलाधिकारियों की अध्यक्षता में जिला एलपीजी निगरानी समितियां बनाई जाएंगी। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में पीडीएस के जरिए केरोसिन आपूर्ति बढ़ाने और लोगों से घबराहट अतिरिक्त गैस बुकिंग नहीं करने की अपील की गई है। प्रशासन को उम्मीद है कि इन कदमों से जल्द ही स्थिति में सुधार होगा।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in