Kolkata
आरजी कर अस्पताल

आरजी कर अस्पताल से मरीज के अपहरण का खुला राज! प्रेमिका के साथ खुद ही फरार हुआ मरीज

अस्पताल में इलाज से असंतुष्ट था 44 वर्षीय राम जामादार
Published on: 

बाथरूम जाने के बहाने प्रेमिका के साथ हुआ गायब, अपहरण की शिकायत के बाद पुलिस ने शुरू की थी जांच

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता :

कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल से मरीज के रहस्यमय तरीके से लापता होने के मामले में अब नया खुलासा हुआ है। जिस घटना को पहले अपहरण का मामला माना जा रहा था, उसके पीछे की सच्चाई कुछ और ही निकली। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, 44 वर्षीय मरीज राम जामादार का अपहरण नहीं हुआ था, बल्कि वह अपनी प्रेमिका के साथ अपनी मर्जी से अस्पताल से फरार हो गया था। बताया जा रहा है कि मरीज और उसकी प्रेमिका दोनों ही अस्पताल में चल रहे इलाज से संतुष्ट नहीं थे।दरअसल, पिछले एक महीने के दौरान आरजी कर अस्पताल से मरीजों के लापता होने की कई शिकायतें सामने आई थीं। इसी कड़ी में 44 वर्षीय राम जामादार के गायब होने का मामला भी सामने आया। अस्पताल और परिवार की ओर से आरोप लगाया गया था कि 21 नवंबर को शाम करीब 4:30 बजे अस्पताल से राम का अपहरण कर लिया गया। परिवार और अस्पताल की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। इस दौरान अस्पताल की कई सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली गई।

18 नवंबर को हृदय रोग की शिकायत के बाद हुआ था भर्ती

अस्पताल सूत्रों के अनुसार, राम जामादार को हृदय संबंधी परेशानी के कारण 18 नवंबर को आरजी कर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसे एवीएच वार्ड के बेड नंबर 132 पर रखा गया था। हालांकि, अस्पताल में चल रहे इलाज और चिकित्सा व्यवस्था को लेकर मरीज और उसकी प्रेमिका दोनों ही संतुष्ट नहीं थे। बताया जा रहा है कि वे बेहतर इलाज चाहते थे।

बाथरूम जाने का बहाना बनाकर प्रेमिका के साथ हुआ फरार

जानकारी के मुताबिक, शनिवार 21 नवंबर को शाम करीब 4:30 बजे राम जामादार ने बाथरूम जाने की बात कही। इसी दौरान वह अपनी प्रेमिका के साथ अस्पताल को बिना किसी सूचना दिए वहां से निकल गया। काफी देर तक मरीज के बेड पर नहीं लौटने के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। अस्पताल प्रशासन ने उसकी तलाश शुरू कर दी।

22 नवंबर को पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत

मरीज की तलाश के बावजूद जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो आरजी कर अस्पताल के हृदय रोग विशेषज्ञ डॉक्टर शुभदीप दास तक इसकी सूचना पहुंची। इसके बाद 22 नवंबर की सुबह पुलिस को लिखित शिकायत दी गई। साथ ही मरीज के परिवार को भी इसकी जानकारी दी गई। परिवार और अस्पताल की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज की मदद से घटनाक्रम की पड़ताल की। फिलहाल अस्पताल सूत्रों से मिली जानकारी ने कथित अपहरण की कहानी को नया मोड़ दे दिया है। जिस मामले को लेकर अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे थे, उसमें अब मरीज के अपनी प्रेमिका के साथ स्वेच्छा से चले जाने की बात सामने आई है।\\
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News