

कोलकाता: बालीगंज थानांतर्गत पद्मपुकुर इलाके में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों ने उसकी हत्या का आरोप उसकी पत्नी पर लगाया है। मृतक की पहचान विक्की मल्लिक (30) के रूप में हुई है। गुरुवार रात विक्की को फंदे से लटकता देख उसे नीचे उतारा गया। बाद में उसे एसएसकेएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। विक्की के परिवार ने बालीगंज थाने में विक्की की पत्नी प्रियंका मल्लिक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है। परिवार का आरोप है कि विक्की की पत्नी का विवाहेतर संबंध था और इसी वजह से दंपति के बीच अक्सर विवाद होता था।
क्या है पूरा मामला
विक्की के पड़ोसी जय घरामी ने बताया, ‘गुरुवार रात करीब 9.45 बजे विक्की की पत्नी चिल्लाते हुए विक्की का नाम लेकर बुला रही थी। मैं वहां गया तो देखा विक्की नीचे लेटा था और उसकी पत्नी व उसका दोस्त उसे जगाने की कोशिश कर रहे थे। फिर मैंने विक्की को बाहर निकाला और अस्पताल ले गया।
विक्की मल्लिक पेशे से डिलीवरी कर्मचारी था। उसकी बड़ी बहन का आरोप है कि विक्की की पत्नी विवाहेतर संबंधों में लिप्त थी। इस वजह से दंपति के बीच बार-बार झगड़ा होता था। बहन का कहना है, ‘विक्की ने शायद कल अपनी पत्नी को किसी के साथ देखा था। इसलिए उसे चुप कराने के लिए उसकी हत्या कर दी गयी। गले पर फांसी के निशान स्पष्ट दिख रहे हैं। लेकिन विक्की की पत्नी कह रही है कि यह आत्महत्या है, जो सही नहीं है। अगर आत्महत्या होती तो फांसी के लिए कोई फंदा मिलना चाहिए था, जो नहीं मिला। हमें शक है कि विक्की की पत्नी और उसके प्रेमी ने मिलकर यह हत्या की है।’ विक्की की बहन झुम्पा गोस्वामी ने बताया कि उन्होंने बालीगंज थाने में हत्या की शिकायत दर्ज करायी है। पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच जारी है। पोस्टमॉर्टम की रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत का असली कारण पता चलेगा। इस मामले में अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।