पत्नी के कथित प्रेमी की हत्या, तिलजला से आरोपी गिरफ्तार

मुंबई में हत्या के बाद कोलकाता में छिपा था अभियुक्त
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

पांच दिनों की ट्रांजिट रिमांड पर भेजा गया

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : मुंबई में एक व्यक्ति की हत्या करने के बाद तिलजला इलाके में छिपकर रह रहे आरोपी को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हसन नूर आलम के रूप में हुई है। मुंबई पुलिस ने रविवार को तिलजला स्थित जी.जे. खान रोड इलाके में छापेमारी कर हसन नूर आलम को गिरफ्तार किया। सोमवार को उसे अलीपुर अदालत में पेश कर मुंबई ले जाने के लिए ट्रांजिट रिमांड की मांग की गई। आरोपी की ओर से पेश वकील सैकत रक्षित ने अदालत को बताया कि हसन नूर आलम की पत्नी के साथ अरबाज नामक व्यक्ति के कथित रूप से घनिष्ठ संबंध थे। इसी रंजिश के चलते हसन पर अरबाज की हत्या करने का आरोप है। इस संबंध में मुंबई में मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान मुंबई के मुंड्रा थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि हत्या के बाद आरोपी कोलकाता के तिलजला क्षेत्र में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम ने कोलकाता पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, अरबाज की हत्या बेहद निर्ममता से की गई थी। सुनवाई के दौरान लोक अभियोजक सज्जाद अली खान ने आरोपी को आगे की पूछताछ और जांच के लिए मुंबई ले जाने के लिए ट्रांजिट रिमांड देने की मांग की। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने आवेदन स्वीकार करते हुए आरोपी को पांच दिन की ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई पुलिस को सौंपने का आदेश दिया। मुंबई पुलिस अब आरोपी को अपने साथ मुंबई ले जाकर हत्या के मामले में आगे की पूछताछ और जांच करेगी।


सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in