

कोलकाता : कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के लगातार चल रहे आंदोलन और विपक्षी नेताओं के समर्थन के बीच तृणमूल सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने आंदोलन को लेकर मिश्रित प्रतिक्रिया दी है। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि "गुंडागर्दी और अराजकता कभी भी स्वीकार्य नहीं हो सकती।"
साथ ही उन्होंने पश्चिम बंगाल के शिक्षा और नियुक्ति घोटालों का उल्लेख करते हुए कहा कि न्याय की मांग करने वालों पर भी पुलिस लाठीचार्ज और राज्य शक्ति का इस्तेमाल हुआ था, इसलिए उन सवालों को भी साथ-साथ उठाया जाना चाहिए। काकोली ने यह भी कहा कि आंदोलन में शामिल लोग कहां से आए और उन्हें पीछे से कौन समर्थन दे रहा था, इसकी जांच होनी चाहिए।
उनके अनुसार, यदि किसी ने संसद भवन पर हमला करने की कोशिश की है, तो मामले की निष्पक्ष और उचित जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। गौरतलब है कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, अरविंद केजरीवाल और अखिलेश यादव सहित कई विपक्षी नेता आंदोलन स्थल पर जाकर समर्थन जता चुके हैं। ममता बनर्जी ने भी जरूरत पड़ने पर दिल्ली जाने की बात कही थी।