विधानसभा में बाम दल का ‘एकमात्र चेहरा’ मोस्ताफिजुर ने ली शपथ

कहा, ‘मैं अकेला ही सौ के बराबर होने का आत्मविश्वास रखता हूँ’
File Photo
File Photo
Published on

कोलकाता: बंगाल विधानसभा में लंबे समय बाद एक बार फिर बाम दल की मौजूदगी दर्ज हुई, जब डोमकल से निर्वाचित सीपीआई(एम) विधायक मोस्ताफिजुर रहमान (राना) ने बुधवार को शपथ ग्रहण किया। राज्य में लगभग शून्य प्रतिनिधित्व के बीच उन्हें पार्टी का एकमात्र विधायक माना जा रहा है।

शपथ लेने के लिए विधानसभा पहुंचने पर राना का अंदाज पूरी तरह सादगी भरा रहा। वे किसी सरकारी वाहन या विशेष सुरक्षा के बिना साधारण गाड़ी से पहुंचे और उन्होंने सुरक्षा लेने से भी इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि उनकी राजनीति जनता के भरोसे पर आधारित है और असली सुरक्षा जनता का विश्वास है।

मीडिया से बातचीत में राना ने कहा, “भले ही मैं अकेला विधायक हूं, लेकिन जनता ने मुझे बड़ी जिम्मेदारी दी है। मैं पूरी ताकत से उनके मुद्दों को उठाने का काम करूंगा। मैं अकेला ही सौ के बराबर होने का आत्मविश्वास रखता हूँ।” उन्होंने यह भी दावा किया कि बाम दल का जनाधार समय के साथ फिर मजबूत होगा।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की ओर से विपक्षी दलों को एकजुट होकर काम करने की अपील पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार को पहले अपने कामकाज का आत्ममूल्यांकन करना चाहिए। उन्होंने कहा, “विपक्ष की भूमिका केवल संख्या से तय नहीं होती, बल्कि जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाने से तय होती है।”

शपथ ग्रहण के बाद उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेता विमान बसु से मुलाकात की और संगठनात्मक रणनीति पर चर्चा की। पार्टी की ओर से उन्हें डोमकल में आगामी विजय सभा की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सीमित संख्या के बावजूद बाम दल की यह उपस्थिति संगठन के लिए एक नई शुरुआत का संकेत है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in