ईएम बाईपास के पास बाइक सवार बदमाशों ने युवक से छीना आईफोन

तिलजला थाना में मामला दर्ज
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

दीपक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : महानगर में छिनताई की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला तिलजला थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां बुधवार को तड़के बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने एक युवक के हाथ से जबरन उसका कीमती मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

क्या हैं पूरा मामला

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित मो. इरफान अख्तर (20), बुधवार को तड़के लगभग 12:55 बजे उत्तर पंचान्न ग्राम में ईएम बाईपास के पास स्थित ''सांझा चूल्हा'' रेस्तरां के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात बदमाश वहां पहुंचे। इससे पहले कि इरफान कुछ समझ पाता, बदमाशों ने उसके हाथ से झपट्टा मारकर आईफोन छीन लिया। पीड़ित ने बताया कि छिना गया मोबाइल फोन ''आईफोन 16 प्रो मैक्स'' था, जिसकी कीमत लाखों में है। इरफान ने शोर भी मचाया, लेकिन आरोपी तेज रफ्तार बाइक पर सवार होकर पलक झपकते ही रफूचक्कर हो गए। घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने सुरक्षा के लिहाज से सर्विस प्रोवाइडर से संपर्क कर अपना सिम और आईएमईआई नंबर ब्लॉक करवाया ताकि उसका दुरुपयोग न हो सके। इसके बाद पीड़ित ने तिलजला थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in