फूलबागान में पुलिस पर पथराव और फायरिंग की धमकी देने का आरोप

दो गुटों के बीच झड़प शांत कराने पहुंची थी पुलिस
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on: 

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : फूलबागान थाना क्षेत्र के शिव कृष्ण दा लेन और ककोल मठ इलाके में 22 अक्टूबर 2026 की देर रात दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई। विवाद को शांत कराने पहुंची पुलिस टीम पर उपद्रवियों द्वारा ईंट-पत्थर और अन्य वस्तुएं फेंकने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, इस दौरान मुख्य आरोपी इंदर यादव ने कथित तौर पर आग्नेयास्त्र निकालकर पुलिसकर्मियों की ओर तान दिया और गोली चलाने की धमकी दी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, 22 अक्टूबर की रात करीब 2:13 बजे शिव कृष्ण दा लेन इलाके में विवाद और हंगामे की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारी और बल मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच के अनुसार, विवाद में दोनों पक्षों के लोग ककोल मठ और आसपास के इलाके में मौजूद थे। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने भीड़ को गैरकानूनी जमावड़ा घोषित करते हुए तितर-बितर होने का निर्देश दिया, लेकिन भीड़ ने वहां से हटने से इनकार कर दिया।

पुलिस पर ईंट-पत्थर फेंकने का आरोप

पुलिस के अनुसार, जब पुलिसकर्मियों ने भीड़ को हटाने की कोशिश की, तो दोनों पक्षों के कुछ लोग ककोल मठ से भागकर 1, शिव कृष्ण दा लेन की गली में चले गए। कादापाड़ा फूलबागान तरुण संघ के पास पहुंचने पर आरोपियों और उनके साथियों ने कथित तौर पर पुलिस बल पर ईंट-पत्थर, छत की टूटी खपरैल और अन्य वस्तुएं फेंकनी शुरू कर दीं। इसी दौरान मुख्य आरोपी इंदर यादव पर अपनी पैंट की कमर से आग्नेयास्त्र निकालकर पुलिसकर्मियों की ओर तानने और आगे बढ़ने पर गोली चलाने की धमकी देने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज भी की गई। बाद में आरोपी मौके से फरार हो गए।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in