बजट सत्र से पहले 'फिरहाद की पाठशाला' में जुटे विधायक

ऋतब्रत गुट के विधायकों को फिरहाद का संसदीय मार्गदर्शन
फिरहाद हकीम
फिरहाद हकीम
Published on

कोलकाता : पश्चिम बंगाल विधानसभा के आगामी बजट सत्र से पहले कोलकाता के पूर्व मेयर और विधायक फिरहाद हाकिम ने शुक्रवार को ऋतब्रत बंद्योपाध्याय गुट के विधायकों के साथ एक विशेष प्रशिक्षण सत्र किया। इस दौरान उन्होंने विधायकों को विधानसभा की कार्यवाही, बजट चर्चा और संसदीय प्रक्रियाओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।

सूत्रों के अनुसार, फिरहाद हाकिम ने विधायकों को समझाया कि बजट चर्चा के दौरान अपनी बात प्रभावी ढंग से कैसे रखी जाए, नियमों के तहत प्रश्न कैसे पूछे जाएं और सदन की कार्यवाही में सक्रिय एवं सार्थक भागीदारी कैसे सुनिश्चित की जाए। सत्र का उद्देश्य विधायकों को विधानसभा की प्रक्रियाओं के प्रति अधिक जागरूक और तैयार करना था।

बैठक में ऋतब्रत बंद्योपाध्याय, जावेद खान, साबिना यास्मीन सहित कई विधायक मौजूद थे। इनमें ऐसे विधायक भी शामिल थे, जिन्हें हाल के दिनों में ऋतब्रत बंद्योपाध्याय के करीबी या उनके गुट से जुड़ा माना जा रहा है।

राजनीतिक हलकों में इस बैठक को खास महत्व दिया जा रहा है। गुरुवार को विधानसभा में ऋतब्रत बंद्योपाध्याय के साथ फिरहाद हाकिम की मौजूदगी के बाद शुक्रवार को आयोजित यह प्रशिक्षण सत्र चर्चा का विषय बन गया।

हालांकि तृणमूल कांग्रेस (ऋतब्रत गुट) की ओर से इसे आगामी बजट सत्र की तैयारी और विधायकों को संसदीय प्रक्रियाओं से अवगत कराने की नियमित पहल बताया जा रहा है। बजट सत्र से पहले आयोजित इस ‘पाठशाला’ ने राज्य की राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in