मिथुन ने राज्य सरकार पर साधा निशाना

भाजपा नेता एवं अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती
भाजपा नेता एवं अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती
Published on

हुगली : डानकुनी में आयोजित भाजपा की परिवर्तन संकल्प सभा के दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता एवं अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती ने राज्य की तृणमूल कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भय, भ्रष्टाचार और कटमनी का माहौल बना हुआ है, जिसके कारण कोई भी उद्योगपति राज्य में निवेश करने को तैयार नहीं है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद बंगाल में निवेश का वातावरण बदलेगा और नए-नए उद्योग स्थापित होंगे, जिससे युवाओं को रोजगार मिलेगा। मिथुन चक्रवर्ती ने कहा कि आदिवासी समाज पर हो रहे अत्याचार अब और बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। भाजपा इसी उद्देश्य से आगे बढ़ रही है कि राज्य में हर वर्ग को न्याय और सुरक्षा मिले। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार के शासन में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है और आम लोग भय के साये में जीने को मजबूर हैं। सिंगुर में प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा को लेकर मिथुन ने कहा कि इसकी अनुमति मिलना एक सकारात्मक संकेत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री उस दिन देश और राज्य की जनता को स्पष्ट रूप से बताएंगे कि क्या करना है और क्या नहीं करना है। उन्होंने सभी लोगों से उस सभा को ध्यानपूर्वक सुनने की अपील की। सनातन धर्म का उल्लेख करते हुए मिथुन चक्रवर्ती ने कहा कि हम इसी मिट्टी में जन्मे हैं और यहीं मरेंगे। उन्होंने सभी सनातनियों से गर्व के साथ खुद को सनातनी कहने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि बांग्लादेश के खिलाफ विरोध करने पर यहां लाठीचार्ज किया जा रहा है, जिसे भाजपा किसी भी हालत में स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि जब तक उनके शरीर में एक बूंद भी खून है, वे इस तरह के अत्याचार को होने नहीं देंगे। मिथुन ने यह भी सवाल उठाया कि बांग्लादेश में हो रही घटनाओं के खिलाफ बंगाल के लोग खुलकर विरोध क्यों नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा मुसलमानों के खिलाफ नहीं है, बल्कि सभी समुदायों के साथ समान व्यवहार चाहती है। राज्य सरकार की योजनाओं पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि लक्ष्मी भंडार की राशि लेना गलत नहीं है, लेकिन केवल हजार रुपये से लोगों का भविष्य सुरक्षित नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि जब राज्य में न रोजगार है, न उद्योग, न शिक्षा और न ही स्वास्थ्य की समुचित व्यवस्था, तब ऐसी योजनाएं जनता को केवल भ्रमित करने का काम कर रही हैं। इस सभा में भाजपा श्रीरामपुर सांगठनिक जिलाध्यक्ष, पार्षद शशि सिंह झा, दिलीप सिंह सहित कई अन्य गणमान्य नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in