

राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता
दक्षिण 24 परगना : पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। 23 दिनों से लापता विवाहिता का शव बकखाली के हेनरी आइलैंड स्थित जंगल से रेत में दबा हुआ बरामद किया गया है। पुलिस ने मामले में महिला के कथित प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है, जिस पर हत्या कर शव छिपाने का आरोप है। मृतका की पहचान 34 वर्षीय राबिया फकीर के रूप में हुई है, जो जयनगर के बकुलतला थाना क्षेत्र की रहने वाली थी। पुलिस के अनुसार राबिया और पास ही रहने वाले जहीरुल सरदार के बीच कथित रूप से विवाहेतर संबंध थे। पिछले कुछ समय से दोनों के रिश्ते में तनाव और विवाद चल रहा था। 26 मई को हुई थी लापता परिजनों के मुताबिक, 26 मई को राबिया अचानक घर से लापता हो गई थी। कोई सुराग न मिलने पर परिवार ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। जांच के दौरान संदेह के आधार पर जहीरुल सरदार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, तो उसने हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। घुमाने के बहाने ले गया, फिर कर दी हत्या पुलिस के अनुसार आरोपी राबिया को बकखाली घुमाने के बहाने हेनरी आइलैंड लेकर गया था। वहां सुनसान जंगल में कथित तौर पर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी और सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव को रेत में दबा दिया।
परिजनों का आरोप: प्रेमी ने रची हत्या की साजिश
आरोपी की निशानदेही पर बकुलतला और फ्रेजरगंज कोस्टल थाना पुलिस ने जंगल से सड़ी-गली अवस्था में शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस के मुताबिक घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका की भी जांच चल रही है। मृतका के परिजनों ने कहा कि आरोपी ने प्रेम संबंध का फायदा उठाकर राबिया को अपने जाल में फंसाया और बाद में उसकी हत्या कर दी। परिवार ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जांच रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।